रामगंगा किनारे 18 गायों के शव मिलने से हड़कंप, जांच के आदेश

97 Views


बरेली। कैंट क्षेत्र में रामगंगा नदी के किनारे गुरुवार को 18 गायों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव काफी खराब अवस्था में थे, जिन्हें देखकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही गौ सेवक मौके पर पहुंचे और कैंट व सुभाष नगर थाना पुलिस को सूचित किया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने गौ सेवकों के सहयोग से सभी गायों के शवों को विधि-विधान के साथ दफन कराया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को आश्वस्त किया कि इस अमानवीय कृत्य में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास के क्षेत्रों से जानकारी जुटाई जा रही है।


घटना स्थल पर राष्ट्रीय सेवा संघ के प्रदेश महामंत्री सोनू ठाकुर, हिंदू युवा वाहिनी के वंश राजपूत, गौ रक्षक बरेली के तरुण कश्यप, गौ रक्षा दल के शंभू, शिवम कमांडो, विशाल राजपूत, मोहित कुमार सहित बड़ी संख्या में गौ रक्षक और सामाजिक संगठनों के लोग मौजूद रहे। सभी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की।

Share News