आयुष्मान योजना में स्मार्ट सिटी अस्पताल पर अवैध वसूली का आरोप, डीएम से शिकायत

71 Views

बरेली। जिले के कर्मचारी नगर स्थित स्मार्ट सिटी अस्पताल पर आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज में गंभीर अनियमितताओं और अवैध वसूली के आरोप लगे हैं। आवंला थाना क्षेत्र के आजमपुर मझरा भीमलौर रसूलपुर निवासी राजू वर्मा ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सक डॉ. विजय गंगवार पर गरीब मरीज से लाखों रुपये वसूलने का आरोप लगाया है।

शिकायत के अनुसार, उनके भाई रमेशचंद्र वर्मा 7 दिसंबर 2025 को सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। 9 दिसंबर को उन्हें स्मार्ट सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोप है कि मरीज के पास आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद लगभग 10 दिन तक इलाज के नाम पर करीब डेढ़ लाख रुपये वसूले गए।

पीड़ित का कहना है कि 17 दिसंबर को आयुष्मान भारत योजना के तहत 90,400 रुपये की धनराशि काट ली गई, इसके बाद भी दवाइयों और ऑक्सीजन के नाम पर लगातार अलग से पैसे लिए जाते रहे। नौ दिनों के दौरान लगभग 84 हजार रुपये की दवाइयां दी गईं, लेकिन न तो उनका कोई बिल दिया गया और न ही जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराई गई।

राजू वर्मा ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अवैध रूप से वसूली गई धनराशि वापस दिलाने तथा मरीज से संबंधित सभी जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की है।

Share News