किसान की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, सपा विधायक के भाई सहित कई लोगों पर गंभीर आरोप

72 Views

बरेली। थाना इज्जतनगर क्षेत्र के रामलीला गौटिया निवासी किसान इन्द्रजीत पुत्र प्यारे लाल ने अपनी पैतृक भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास का आरोप लगाते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि ग्राम सैदपुर हॉकनस स्थित गाटा संख्या 41, 42, 45 एवं 46 में वह सहखातेदार है, जो उन्हें पिता प्यारे लाल की मृत्यु के बाद उत्तराधिकार में प्राप्त हुई है।

इन्द्रजीत के अनुसार उन्होंने अपनी कुल भूमि में से केवल 66.68 वर्ग मीटर भूमि ही पूर्व में विक्रय की है, जबकि शेष लगभग 1701.88 वर्ग मीटर भूमि अब भी उनके वैध स्वामित्व में है। आरोप है कि बहेड़ी से सपा विधायक के भाई वाफार रहमान, अमित शर्मा, धर्मेन्द्र गंगवार एवं 7–8 अन्य लोगों द्वारा उनकी जमीन पर अवैध निर्माण कर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।

पीड़ित का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में थाना इज्जतनगर में पहले भी शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

न्याय की गुहार लगाते हुए इन्द्रजीत ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से आरोपियों के विरुद्ध संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराकर अपनी जमीन एवं जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।

Share News