बरेली। थाना भमोरा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त कार्रवाई में 11 किलोग्राम अफीम के साथ दो अंतरराष्ट्रीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि 5 जनवरी को ANTF को सूचना मिली थी कि झारखंड से अफीम की खेप लेकर कुछ तस्कर अलीगंज क्षेत्र में बिक्री के लिए आने वाले हैं। सूचना के आधार पर थाना भमोरा पुलिस के साथ मिलकर रम्पुरा अंडरपास के पास घेराबंदी की गई।
चेकिंग के दौरान एक काले रंग की आई-20 कार को रोका गया। कार में सवार कंडे मुंडा निवासी खूंटी और बल्का मुंडा निवासी रांची को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनका एक अन्य साथी मौके से फरार हो गया।
तलाशी के दौरान कार के बोनट से 11 किलो अफीम, दो मोबाइल फोन और 9,200 रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे झारखंड के पहाड़ी इलाकों में अफीम की खेती कर उसे बरेली सहित अन्य शहरों में ऊंचे दामों पर बेचते थे।
इस मामले में थाना भमोरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

More Stories
हाफिजगंज पुलिस ने दो युवकों को अवैध तमंचा व कारतूस सहित किया गिरफ्तार
बरेली: तीन बदमाश जिला बदर, 24 घंटे में छोड़ना होगा जिला
भोजीपुरा पुलिस ने शकील को छह माह के लिए जिला बदर