बरेली | इज्जतनगर
बरेली के थाना इज्जतनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक शातिर बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।
पुलिस उप निरीक्षक विकास कुमार के नेतृत्व में टीम सैदपुर–चुन्नीलाल मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सैदपुर बाग पुलिस बूथ के पास स्कूटी पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर स्कूटी फिसल गई, जिससे दोनों गिर पड़े।
खुद को घिरता देख एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें हेड कांस्टेबल धनीश सक्सेना घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया।
घायल बदमाश की पहचान फैजान पुत्र हसनैन (22 वर्ष) निवासी कस्सावान, थाना फरीदपुर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो खोखा, दो जिंदा कारतूस, ₹270 नकद और एक स्कूटी बरामद की गई है।
फैजान का साथी आसिफ पुत्र अली मोहम्मद, निवासी पीर बहोड़, थाना इज्जतनगर, मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
घटना के संबंध में थाना इज्जतनगर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायल बदमाश और घायल पुलिसकर्मी दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों पर पहले से कई संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

More Stories
हाफिजगंज पुलिस ने दो युवकों को अवैध तमंचा व कारतूस सहित किया गिरफ्तार
बरेली: तीन बदमाश जिला बदर, 24 घंटे में छोड़ना होगा जिला
भोजीपुरा पुलिस ने शकील को छह माह के लिए जिला बदर