भैंस की मौत के बाद गांव में दहशत, रायता खाने वाले 200 ग्रामीणों ने लगवाया रेबीज का टीका

169 Views

बदायूं। जिले के पिपरौल गांव में एक भैंस की मौत के बाद रेबीज की आशंका से गांव में अफरा-तफरी मच गई। तेरहवीं संस्कार की दावत में रायता खाने वाले करीब 200 ग्रामीणों ने एहतियातन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर रेबीज का टीकाकरण कराया।

ग्रामीणों के अनुसार, 23 दिसंबर 2025 को गांव में तेरहवीं संस्कार के अवसर पर पूरे गांव के लिए दावत का आयोजन किया गया था। दावत में रायता भी परोसा गया, जिसे बड़ी संख्या में लोगों ने खाया। बाद में जानकारी सामने आई कि जिस भैंस के दूध से रायता तैयार किया गया था, उसे कुछ दिन पहले एक कुत्ते ने काट लिया था।

बताया गया कि 26 दिसंबर को उस भैंस की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ग्रामीणों का दावा है कि भैंस की हालत असामान्य थी और वह पागल होकर मरी, जिसके बाद रेबीज फैलने की आशंका को लेकर गांव में डर का माहौल बन गया। इसी डर के चलते बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर टीकाकरण कराया।

वहीं स्वास्थ्य विभाग ने मामले में स्थिति को सामान्य बताया है। विभाग का कहना है कि फिलहाल गांव में रेबीज फैलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर गांव पर निगरानी रखी जा रही है और ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है।

स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, सावधानी के तौर पर टीकाकरण कराया जाना गलत नहीं है, लेकिन किसी भी अफवाह से बचने की अपील भी की गई है।

Share News