बरेली कोतवाली में दर्ज मुकदमे के तहत नामित अभियुक्तों व लगभग 1700 अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध दर्ज गंभीर धाराओं वाले मुकदमे में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले में अब तक 46 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
बरेली क्राइम ब्रांच के तेज-तर्रार विवेचक संजय कुमार धीर ने गहन विवेचना एवं पुख्ता साक्ष्य संकलन के बाद दिनांक 24 दिसंबर 2025 को सभी 46 अभियुक्तों के विरुद्ध माननीय न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है।
चार्जशीट दाखिल होने से आरोपियों में हड़कंप मच गया है। इससे पहले भी विवेचक संजय धीर की सशक्त पैरवी के चलते कई आरोपियों की माननीय उच्च न्यायालय से जमानत याचिकाएं खारिज हो चुकी हैं, जिसे इस मामले में पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

खलील तिराहे पर भड़का था बवाल
कोतवाली इंस्पेक्टर अमित पांडेय की ओर से दर्ज कराए गए इस मुकदमे में खलील तिराहे पर हुए बवाल का जिक्र है। एफआईआर में 25 लोगों को नामजद करते हुए 1700 अज्ञात उपद्रवियों को आरोपी बनाया गया था। आरोप है कि प्रशासन की अनुमति न होने के बावजूद मौलाना तौकीर रजा के आह्वान पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। इस दौरान नदीम और उसके साथियों ने भीड़ को उकसाकर हिंसा के लिए भड़काया।
पुलिस के अनुसार, उग्र भीड़ ने पुलिस पर पेट्रोल बम, ईंट-पत्थरों से हमला किया और फायरिंग भी की गई। इसके अलावा कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई। उपद्रवियों ने पुलिस की एक एंटी राइट गन, वायरलैस हैंडसेट और लाउडहेलर भी लूट लिया। हालात बेकाबू होने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़कर स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस अब शेष वांछित अभियुक्तों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियों की प्रबल संभावना जताई जा रही है।

More Stories
हाफिजगंज पुलिस ने दो युवकों को अवैध तमंचा व कारतूस सहित किया गिरफ्तार
बरेली: तीन बदमाश जिला बदर, 24 घंटे में छोड़ना होगा जिला
भोजीपुरा पुलिस ने शकील को छह माह के लिए जिला बदर