
बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने फतेहगंज पूर्वी के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अपराधी तौफीक़ प्रधान को अवैध असलहा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के पास से एक तमंचा 315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चौकी प्रभारी जगतपुर पुलिस टीम के साथ पशुपति बिहार कॉलोनी, चौकी क्षेत्र जगतपुर थाना बारादरी में भ्रमण पर थे। इसी दौरान कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही थी, तभी थाना फतेहगंज पूर्वी का हिस्ट्रीशीटर तौफीक़ प्रधान मौके पर पहुंचा और पुलिस टीम से अभद्रता करने लगा।
पुलिस द्वारा जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल अभियुक्त को हिरासत में ले लिया और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उसे माननीय न्यायालय में रिमांड हेतु प्रस्तुत किया।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व अभियुक्त का एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह थाना बारादरी के प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडे को धमकी देता हुआ सुनाई दे रहा था।
पूछताछ में अपराधी तौफीक़ प्रधान ने बताया कि वह कई मामलों में जेल जा चुका है, जिसके चलते उसके खिलाफ थाना फतेहगंज पूर्वी में हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इसी कारण वह वर्तमान में थाना बारादरी क्षेत्र के पशुपति बिहार कॉलोनी में मकान बनाकर रह रहा था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह तमंचा और कारतूस लोगों के बीच धौंस जमाने के लिए रखता था।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है।

More Stories
हाफिजगंज पुलिस ने दो युवकों को अवैध तमंचा व कारतूस सहित किया गिरफ्तार
बरेली: तीन बदमाश जिला बदर, 24 घंटे में छोड़ना होगा जिला
भोजीपुरा पुलिस ने शकील को छह माह के लिए जिला बदर