फर्जी तरीके से खेत जोतने का आरोप, जिलाधिकारी से की शिकायत

87 Views

फर्जी तरीके से खेत जोतने का आरोप, जिलाधिकारी से की शिकायत


मुरादाबाद। तहसील बिलारी क्षेत्र के ग्राम रतनपुर कला में किसान की जमीन पर जबरन कब्जा कर खेती नष्ट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान दूल्हे हसन पुत्र प्राणन मेहंदी एवं शमशेर हसन ने जिलाधिकारी मुरादाबाद को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

शिकायत में बताया गया है कि ग्राम रतनपुर कला स्थित गाटा संख्या 555 व 556 (रकबा लगभग 0.3080 हेक्टेयर) पर वे लंबे समय से काबिज व खेती करते आ रहे हैं। आरोप है कि पड़ोसी काश्तकार मंगल्ली पुत्र चेता, निवासी ग्राम बकनिया, ने 1 दिसंबर 2025 को ट्रैक्टर से खेत जोत दिया और लगभग 15 फीट जमीन पर कब्जा कर लिया, जिससे पीड़ित की करीब एक बीघा गेहूं की फसल नष्ट हो गई।

विरोध करने पर आरोपी द्वारा गाली-गलौज व धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित किसानों का कहना है कि उनकी जमीन की पैमाइश कराई जाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वास्तविक सीमाएं स्पष्ट हो सकें और आगे कोई विवाद न हो।

किसानों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उनकी भूमि की तत्काल पैमाइश कराने के आदेश दिए जाएं और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।

Share News