फर्जी वोट सुरक्षित, असली वोट पर कैंची

600 Views

फर्जी वोट सुरक्षित, असली वोट पर कैंची


BLO पर धांधली के गंभीर आरोप, राजनीतिक दबाव में मतदाता अधिकारों से खिलवाड़


बरेली। ग्राम मुड़िया अहमद नगर में वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। गांव के निवासी राहुल पटेल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गांव की BLO फराह खान राजनीतिक दबाव में आकर उनके और उनके पूरे परिवार के असली वोट काटने पर तुली हैं, जबकि फर्जी वोट जस के तस बने हुए हैं।


पैतृक मकान और सभी दस्तावेज गांव के पते पर

राहुल पटेल ने बताया कि उनका पैतृक मकान ग्राम मुड़िया अहमद नगर में है और उनके सभी दस्तावेज—आधार कार्ड, राशन कार्ड से लेकर पासपोर्ट तक—इसी पते पर बने हैं। इसके बावजूद उनके परिवार का वोट हटाने की कोशिश की जा रही है।


मोटा पैसा लेकर नगर निगम में बनवाए वोट

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि BLO फराह खान ने मोटा पैसा लेकर उनके परिवार के वोट नगर निगम बरेली में बनवा दिए, जहां नाम और पिता जी के विवरण तक गलत दर्ज कर दिए गए।
राहुल पटेल का कहना है कि उन्होंने नगर निगम की वोटर लिस्ट से नाम कटवाने के लिए आवेदन दे दिया है क्योंकि उनके पास वहां का कोई दस्तावेज नहीं है।


तीन फर्जी वोट बने, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं

परिवार के नाम पर नगर निगम क्षेत्र में तीन फर्जी वोट बनाए गए। यह जानकारी खुद BLO ने दी थी, लेकिन आज तक उन वोटों को काटा नहीं गया। इसके उलट, वैध दस्तावेज वाले असली वोटों को हटाने की प्रक्रिया तेज़ कर दी गई है।


एसडीएम को शिकायत, लेकिन सुनवाई नहीं

राहुल पटेल ने इस मामले की शिकायत उपजिलाधिकारी (SDM) से भी की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका आरोप है कि BLO राजनीतिक लोगों से मिलकर लगातार उनके परिवार के वोट काटने की कोशिश कर रही हैं।


सख्त कार्रवाई की मांग

शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की जांच कराने और BLO फराह खान पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि लोकतंत्र और मतदाता अधिकारों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है।


 

Share News