बरेली में अपहरण की बड़ी साजिश नाकाम, पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोचा
दो आरोपी अब भी फरार, पूछताछ में हुआ सनसनीखेज खुलासा
राजीव चौधरी (संपादक)
बरेली। थाना बिथरी चैनपुर पुलिस ने अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अपहरण की योजना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, चाकू, छह मोबाइल फोन, एक कार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह बरेली में एक बच्चे के अपहरण की फिराक में था।
घटना कैसे हुई?
21 अगस्त 2025 की सुबह करीब 7 बजे वादी का पुत्र पीयूष साइकिल से स्कूल जा रहा था। रास्ते में रोहिलखंड आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के सामने, चन्द्रा बिल्डिंग मैटेरियल के पास बदमाशों ने नीली कार और मोटरसाइकिल से आकर उसे पकड़ने की कोशिश की। सभी अभियुक्तों ने मास्क पहन रखे थे और वे पीयूष को कार में डालने का प्रयास कर रहे थे।
लेकिन होशियारी दिखाते हुए पीयूष किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर पास की रामगंगानगर कॉलोनी की ओर भाग गया। वहां लोगों की भीड़ देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। इस मामले में थाना बिथरी चैनपुर पर मुकदमा दर्ज किया गया।
मुखबिर की सूचना पर बड़ी सफलता
9 सितम्बर को अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी विपिन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध नीली कार (एस-क्रॉस) और मोटरसाइकिल ग्राम मोहनपुर उर्फ रामनगर के पास खड़ी है।
पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से मो0 राजिक अंसारी, मो0 लारेब, मो0 सरताज और दानिश को दबोच लिया। वहीं महिला अभियुक्ता पूजा सिंह को चन्दपुर तिराहे से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- मो0 राजिक अंसारी (30 वर्ष), निवासी थाना फरीदपुर
- मो0 लारेब (21 वर्ष), निवासी थाना फरीदपुर
- मो0 सरताज (25 वर्ष), निवासी थाना बारादरी
- दानिश (22 वर्ष), निवासी थाना बारादरी
- पूजा सिंह (35 वर्ष), निवासी थाना बारादरी
फरार आरोपी
- मुस्तकीम
- मुस्तकीम की पत्नी
बरामदगी
- एक तमंचा 315 बोर
- एक जिंदा कारतूस
- एक चाकू
- छह मोबाइल फोन
- कार नं. UP32JE6208 (एस-क्रॉस)
- मोटरसाइकिल नं. UP25DA4241 (स्प्लेंडर)
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा
गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 21 अगस्त को ही पीयूष का अपहरण करने की कोशिश की थी, लेकिन स्थानीय लोगों की मौजूदगी के कारण योजना सफल नहीं हो पाई।
आरोपियों ने खुलासा किया कि इस साजिश की मुख्य सूत्रधार पूजा सिंह है। वह उसी कॉलोनी में किराये पर रहती थी और पीयूष के परिवार को अच्छी तरह जानती थी। पूजा सिंह ने ही गिरोह को बताया था कि पीयूष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है और दोनों ही सरकारी शिक्षक हैं। इस जानकारी के आधार पर गिरोह ने फिरौती के लिए अपहरण की योजना बनाई थी।
दर्ज मुकदमे
- मु0अ0सं0-415/25 धारा 140(1) बीएनएस
- मु0अ0सं0-446/25 धारा 3/4/25 आर्म्स एक्ट
पुलिस टीम
इस सफलता में थाना प्रभारी विपिन कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अजय सिंह, इन्तजार हुसैन, कृष्ण कुमार, हेड कांस्टेबल इस्लाक अहमद, कांस्टेबल सचिन कुमार, विशाल चिकारा, अक्षय तोमर व महिला कांस्टेबल बबीता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

More Stories
हाफिजगंज पुलिस ने दो युवकों को अवैध तमंचा व कारतूस सहित किया गिरफ्तार
बरेली: तीन बदमाश जिला बदर, 24 घंटे में छोड़ना होगा जिला
भोजीपुरा पुलिस ने शकील को छह माह के लिए जिला बदर