ड्रोन उड़ने की अफवाहों पर पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र की आमजन से अपील – अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें

778 Views

ड्रोन उड़ने की अफवाहों पर पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र की आमजन से अपील – अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें


बरेली। पिछले कुछ दिनों से बरेली परिक्षेत्र के विभिन्न जनपदों में ड्रोन जैसी उड़ती हुई संदिग्ध वस्तुओं के दिखाई देने अथवा ड्रोन उड़ाए जाने की अफवाहें सोशल मीडिया और मौखिक माध्यमों से तेजी से फैल रही हैं। इसको लेकर लोगों में भ्रम और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

 

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक, बरेली परिक्षेत्र ने स्पष्ट किया है कि अब तक इन अफवाहों से जुड़ा कोई भी सत्यापित प्रमाण पुलिस को प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने जनता से संयम और सतर्कता बरतने की अपील की है और कहा है कि बिना पुष्टि के किसी भी प्रकार की सूचना सोशल मीडिया पर साझा न करें।

 

डीआईजी द्वारा जनता से की गई अपील के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं:

 

  1. भ्रामक सूचनाओं पर न दें ध्यान: किसी भी अपुष्ट या अफवाहनुमा सूचना को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें।
  2. साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखें: अफवाहों के माध्यम से शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया जा सकता है, अतः जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करें।
  3. कानूनी कार्रवाई की चेतावनी: जो भी व्यक्ति सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से झूठी व भ्रामक जानकारी फैलाएगा, उसके खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
  4. संदिग्ध गतिविधियों की सूचना दें: किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत निकटतम थाना या डायल 112 पर दें।
  5. पुलिस की सतर्कता: सभी थाना प्रभारियों को सक्रिय पेट्रोलिंग और जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
  6. ग्राम समिति और डिजिटल वालंटियर्स की भूमिका: ग्रामीण स्तर पर फैलाई जा रही अफवाहों का खंडन करने में सक्रिय भागीदारी करें।
  7. सोशल मीडिया सेल की निगरानी: सोशल मीडिया व साइबर सेल द्वारा अफवाहों पर सतत निगरानी की जा रही है।
  8. ड्रोन का वैध प्रयोग: कृषि एवं अध्ययन से संबंधित कार्यों में निर्धारित मानकों के अनुसार ड्रोन का प्रयोग किया जा सकता है, जिससे घबराने की आवश्यकता नहीं है।

 

पुलिस उपमहानिरीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक सोच, शिक्षा, जागरूकता और भाईचारे को बढ़ाने के लिए करें। अफवाहों से बचें और जनपद की शांति व्यवस्था में सहयोग करें।

 

Share News