बुजुर्ग किसान से लूट , मार-पीट और नाती पर जानलेवा हमला, चार दिन इलाज के बाद एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

397 Views

बुजुर्ग किसान से लूट , मार-पीट और नाती पर जानलेवा हमला, चार दिन इलाज के बाद एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार


बरेली। थाना अलीगंज क्षेत्र के ग्राम हाफिजगंज (जोगराज) में एक बुजुर्ग किसान के साथ लूटपाट और मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। पीड़ित मनोहर पुत्र देवी ने आज जिला अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बरेली को प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।

 

11 जुलाई 2025 को सुबह करीब 9:45 बजे मनोहर अपने खेत में खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ों को 1,90,000 रुपये में ठेकेदार दयाराम को बेच चुके थे। सौदे के तहत ठेकेदार ने उन्हें एक लाख रुपये नकद दिए। पैसे लेने के कुछ ही समय बाद, गांव के ही राकेश, पप्पू, विपिन पुत्र बहोरन लाल, जसवीर, हेमराज ने अचानक हमला बोल दिया।

 

शिकायत के अनुसार हमलावरों ने मनोहर के हाथ से जबरन एक लाख रुपये छीन लिए और विरोध करने पर उन्हें गंदी गालियां देते हुए लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर उनका नाती ओमवीर मौके पर पहुंचा तो उसे भी बर्बरतापूर्वक पीटा गया। हमले में ओमवीर को गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।

 

घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने घायल बुजुर्ग और उसके नाती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझगवां पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देख जिला अस्पताल बरेली रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष ने चार दिन तक जिला अस्पताल में भर्ती रहकर इलाज कराया।

 

इलाज के बाद 14 जुलाई को पीड़ित मनोहर अपने परिजनों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए एक लिखित शिकायत सौंपी। उनका आरोप है कि थाना अलीगंज में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की गई, लेकिन वहां किसी ने रिपोर्ट नहीं लिखी।

 

मनोहर ने शिकायत में यह भी कहा है कि आरोपी अब भी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं और बार-बार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उनका कहना है कि हमलावर यह कहते फिर रहे हैं कि “हमारी पुलिस में सेटिंग हो गई है, हमें कोई नहीं छू सकता।”

 

पीड़ित पक्ष ने एसएसपी से निवेदन किया है कि हमलावरों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और उन्हें व उनके परिवार को पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाए। साथ ही, निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर दंड दिलाया जाए। इस घटना से गांव में भय का माहौल है और ग्रामीण प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Share News