सड़क किनारे सो रहे सब्जी विक्रेता पर मलबा डालने से मौत, नगर निगम ठेकेदार पर केस दर्ज

930 Views
बरेली: मौर्य शांति नगर निवासी सब्जी विक्रेता सुनील कुमार प्रजापति (45) की गुरुवार दोपहर ककरइया कब्रिस्तान के सामने पेड़ की छांव में सोते समय मलबे में दबने से मौत हो गई। आरोप है कि नगर निगम के सफाई कर्मियों ने नाली से निकाला मलबा और कीचड़ सुनील पर डाल दिया। काफी देर बाद खोजते हुए आए उनके बेटे ने मलबे से बाहर निकले पैर देखे और स्थानीय लोगों की मदद से पिता को बाहर निकाला। सुनील को नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता गिरवर सिंह ने बारादरी थाने में तहरीर देकर नगर निगम के ठेकेदार नईम शास्त्री और उनके कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। गिरवर के अनुसार, सुनील दोपहर में पेड़ के नीचे आराम कर रहे थे और उन्हें नींद आ गई। उसी दौरान ठेकेदार के कर्मचारियों ने बिना देखे मलबा डाल दिया। बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Share News