लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज अपने कैंप कार्यालय, 7-कालिदास मार्ग, लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित व संतुष्टिपरक समाधान के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि “हर व्यक्ति की हर समस्या का हर संभव निदान किया जाएगा।”
उप मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई में एक-एक व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, “समस्याओं का सम्पूर्ण समाधान हो और इसके लिए जवाबदेही तय की जाए। उत्पीड़न और भूमि पर अवैध कब्जे जैसे मामलों को संवेदनशीलता के साथ हल किया जाए, जहां जरूरत हो वहां कठोर कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाए।”
कार्यक्रम में महिलाओं, दिव्यांगजनों और बुजुर्गों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना गया। श्री मौर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण हो और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि समस्याग्रस्त व्यक्ति संतुष्ट रहे और उसे बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
जनता दर्शन में प्रदेश के 3 दर्जन से अधिक जिलों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें भूमि विवाद, अवैध कब्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास आवंटन, सड़क निर्माण, विद्युत आपूर्ति, अभियुक्तों की गिरफ्तारी और उत्पीड़न से संबंधित शिकायतें शामिल थीं। उप मुख्यमंत्री स्वयं फरियादियों के पास गए और उनसे सीधा संवाद करते हुए उनकी बात सुनी।
श्री मौर्य ने कई जिलों के अधिकारियों से फोन पर बात कर यथोचित निर्देश दिए। उन्होंने वाराणसी, शाहजहांपुर, कौशांबी, कुशीनगर के जिला अधिकारियों, मेरठ और रायबरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक, ललितपुर के सीडीओ और शासन के उच्चाधिकारियों से वार्ता की। भूमि संबंधी प्रकरणों में उन्होंने निर्देश दिए कि राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर सार्थक समाधान सुनिश्चित करे।
उप मुख्यमंत्री ने फरियादियों को आश्वस्त करते हुए कहा, “परेशान होने की जरूरत नहीं है, समस्याओं का समाधान भी होगा और सरकार द्वारा प्रदत्त सुविधाएं भी मिलेंगी।” इस जनता दर्शन कार्यक्रम ने एक बार फिर जनता और सरकार के बीच सीधे संवाद का मजबूत मंच प्रस्तुत किया।
More Stories
यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट जारी, देखिए जिलेवार टॉप टेन छात्र छात्राओं की सूची
UP Board Result: बरेली की बेटियों ने रचा इतिहास, यूपी बोर्ड 2025 में टॉप 10 में तीन ने बनाई जगह
UPSC CSE 2024 रिजल्ट घोषित: इलाहाबाद विश्वविद्यालय की शक्ति दुबे बनीं टॉपर