बरेली। बमनपुरी में चल रही 165वीं ऐतिहासिक रामलीला के मंचन में मंगलवार को जनकपुर दर्शन की लीला का भव्य आयोजन हुआ। राम-लक्ष्मण के नगर भ्रमण और सीता-राम के प्रथम मिलन की झलक देखकर दर्शक भाव-विभोर हो गए।
गुरु विश्वामित्र के साथ जनकपुरी पहुंचे राम और लक्ष्मण नगर की सुंदरता देखकर हर्षित हो उठे। पुष्प वाटिका, बाग-बगीचे, सरोवर, कल-कल बहती नदियाँ और हरे-भरे वृक्षों से सुशोभित जनकपुरी का भव्य दृश्य मंच पर सजीव किया गया। इसी दौरान श्रीराम पुष्प वाटिका में गुरुपूजन हेतु फूल एकत्र कर रहे थे, तभी माता सीता सखियों संग वहां आईं। श्रीराम और सीता के प्रथम मिलन के इस भावपूर्ण प्रसंग ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने स्वरूपों की आरती कर लीला का शुभारंभ किया। रामलीला प्रवक्ता विशाल मेहरोत्रा ने बताया कि बुधवार को भगवान शिव के धनुष भंग और परशुराम संवाद की लीला होगी। वहीं गुरुवार को भव्य राम बारात निकाली जाएगी, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं।
रामलीला अध्यक्ष राजू मिश्रा ने बताया कि इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए पूरी कमेटी दिन-रात मेहनत कर रही है। इस दौरान संरक्षक सर्वेश रस्तोगी, महामंत्री सुनील रस्तोगी, दिनेश दद्दा, कोषाध्यक्ष राज कुमार गुप्ता, लीला प्रभारी अखिलेश अग्रवाल, विवेक शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

More Stories
हाफिजगंज पुलिस ने दो युवकों को अवैध तमंचा व कारतूस सहित किया गिरफ्तार
बरेली: तीन बदमाश जिला बदर, 24 घंटे में छोड़ना होगा जिला
भोजीपुरा पुलिस ने शकील को छह माह के लिए जिला बदर