पीएम आवास शहरी एवं पीएम स्वनिधि की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक सम्पन्न

344 Views

गौशालाओं की सुरक्षा हेतु होलिका दहन की रात केयर टेकर को गौशाला में रहने के निर्देश


बरेली। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आज विकास भवन स्थित सभागार में प्रधानमंत्री आवास शहरी एवं पीएम स्वनिधि योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं के कार्यों की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

पीएम आवास योजना 2.0 के सत्यापन में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में पीओ डूडा/उप जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत सत्यापन कार्य जारी है। इस दौरान नगर निकायवार सत्यापन की प्रगति की समीक्षा की गई और कम प्रगति वाले नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने बताया कि आवेदन करने वाले लोगों द्वारा जरूरी अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे सत्यापन प्रक्रिया धीमी हो रही है। इस पर निर्देश दिए गए कि कंट्रोल रूम से फोन करके आवेदकों से आवश्यक दस्तावेज मांगे जाएं।

 

पीएम स्वनिधि के लाभार्थियों को मिलेगा डिजिटल लेन-देन का प्रशिक्षण

पीएम स्वनिधि योजना के तहत पंजीकृत वेंडरों की डिजिटल लेन-देन में सक्रियता बढ़ाने के लिए सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने कार्यालय में वेंडरों को बुलाकर प्रशिक्षण दें, जिससे वे डिजिटल लेन-देन में अधिक सक्रिय हो सकें।

 

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में ऋण वितरण में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में एलडीएम और समस्त बैंकरों से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत ऋण स्वीकृति एवं वितरण की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने इस कार्य में गति लाने के निर्देश दिए।

 

होलिका दहन की रात गौशालाओं की होगी विशेष निगरानी

जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि होलिका दहन की रात गौशालाओं में केयर टेकर अनिवार्य रूप से रुकें ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इसके साथ ही अधिशासी अधिकारियों को रात में गौशालाओं का निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, प्रभारी पीओ डूडा/उप जिलाधिकारी मल्लिका नैन, एलडीएम, नगर पंचायतों एवं नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारी समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Share News