बरेली। होलिका दहन और रंगोत्सव के दौरान शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। एसएसपी अनुराग आर्य के नेतृत्व में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा रणनीति तैयार की गई है।
ड्रोन से निगरानी, संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर
शहर में कुल 2900 स्थानों पर होलिका दहन होगा और 80 स्थानों पर होली जुलूस निकाले जाएंगे। पुलिस ने संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। हर थाना क्षेत्र में एक ड्रोन ऑपरेटर को पुलिस टीम के साथ तैनात किया गया है, ताकि छतों पर रखे पत्थरों और भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
एसएसपी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए 75 इंस्पेक्टर, 500 दरोगा, 500 हेड कांस्टेबल और 1100 कांस्टेबल एवं महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस बॉक्स फॉर्मेशन में तैनात रहेगी और संवेदनशील इलाकों में छतों पर भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
भड़काऊ गानों पर पाबंदी, अफवाह फैलाने पर होगी कड़ी कार्रवाई
एडीजी ने निर्देश दिए हैं कि होली और जुमा के आयोजनों में डीजे की आवाज नियंत्रित रखी जाए और भड़काऊ व फूहड़ गाने बजाने पर सख्त कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। अगर कोई गलत पोस्ट डालता है तो उसके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीस कमेटी के सदस्यों को भी अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि अफवाह फैलाने वालों को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

More Stories
हाफिजगंज पुलिस ने दो युवकों को अवैध तमंचा व कारतूस सहित किया गिरफ्तार
बरेली: तीन बदमाश जिला बदर, 24 घंटे में छोड़ना होगा जिला
भोजीपुरा पुलिस ने शकील को छह माह के लिए जिला बदर