यूकॉस्ट और वैदेही फाउंडेशन द्वारा सफल कार्यशाला का आयोजन

867 Views

खनस्यूँ, उत्तराखंड: उत्तराखंड राज्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी (यूकॉस्ट) और वैदेही फाउंडेशन द्वारा खनस्यूँ में सतत ऊर्जा और इसके भविष्य पर एक जागरूकता अभियान और कार्यशाला का सफल समापन किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. गोपाल सिंह गौनिया और ई-बिट्स के निदेशक नरेंद्र सिंह ने सौर ऊर्जा, उसके घटकों और संभावनाओं पर विस्तृत व्याख्यान दिया।

 

नरेंद्र सिंह ने कार्यशाला के दौरान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि यूकॉस्ट उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में वैज्ञानिक पद्धतियों के माध्यम से स्वरोजगार और प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सौर ऊर्जा के महत्व और इससे जुड़े रोजगार के अवसरों पर भी विस्तार से जानकारी दी।

 

कार्यशाला के दौरान वैदेही फाउंडेशन के प्रबंधक बीएस गौनिया ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों और यूकॉस्ट के डीजी प्रोफेसर दुर्गेश पंत का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में सतत ऊर्जा और उसके भविष्य पर कार्यशाला आयोजित करना यूकॉस्ट की उल्लेखनीय पहल है, जिससे ग्रामीण अंचलों में प्राकृतिक ऊर्जा के माध्यम से जीवन और रोजगार की संभावनाओं को साकार किया जा सकता है।

 

इस कार्यशाला में क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया, जिनमें ग्राम प्रधान कमला भंडारी, लीला देवी, कमला देवी, हेमा देवी, अंजू मटियाली, क्षेत्र पंचायत सदस्य रवि गोस्वामी, ज्येष्ठ प्रमुख प्रदीप मटियाली सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण शामिल रहे। वैदेही फाउंडेशन से दीपक उप्रेती और पंकज बिष्ट ने भी कार्यक्रम में विशेष भूमिका निभाई।

 

सभी प्रतिभागियों ने ऊर्जा संरक्षण, उत्पादन और इससे जुड़े रोजगार के अवसरों पर गहन प्रशिक्षण लिया और भविष्य में सौर ऊर्जा को रोजगार का माध्यम बनाने पर जोर दिया। इस सफल आयोजन ने स्थानीय लोगों में अक्षय ऊर्जा के प्रति जागरूकता और रुचि को प्रोत्साहित किया।

 

Share News