जल्द कराएं फार्मर रजिस्ट्री, वरना छूट सकता है सरकारी योजनाओं का लाभ

627 Views

बरेली: जिले के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। भारत सरकार की एग्रीस्टैक परियोजना के तहत सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की जा रही है, जिससे उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर फसल बिक्री का लाभ मिल सके।

 

उप निदेशक कृषि अभिनंदन सिंह ने जानकारी दी कि इस प्रक्रिया के तहत प्रत्येक किसान की भूमि को आधार से लिंक कर एक यूनिक फार्मर आईडी बनाई जाएगी। इस आईडी के जरिए किसान विभिन्न योजनाओं का लाभ एक ही प्लेटफॉर्म पर ले सकेंगे।

 

फार्मर रजिस्ट्री कैसे कराएं?

 

किसान निम्नलिखित तरीकों से अपनी रजिस्ट्री करा सकते हैं:

सेल्फ मोड: किसान खुद मोबाइल ऐप के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।

सहायक मोड: कृषि विभाग के कर्मचारी मोबाइल ऐप के जरिए पंजीकरण कर सकते हैं।

कैंप मोड: ग्राम स्तर पर कृषि एवं राजस्व विभाग के कर्मचारियों द्वारा विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं।

सीएससी मोड: नजदीकी जनसेवा केंद्र (CSC) पर जाकर पंजीकरण कराया जा सकता है।

 

आवश्यक दस्तावेज:

1. आधार कार्ड

2. खतौनी की छायाप्रति

3. आधार से लिंक मोबाइल नंबर

 

24 फरवरी से पहले करें पंजीकरण, नहीं तो रुक सकती है पीएम किसान की किस्त

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि 24 फरवरी 2025 से पहले किसान फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराते हैं, तो वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त से वंचित हो सकते हैं।

 

कृषकों से अपील:

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार, गांव-गांव में पंपलेट लगाकर, जनसेवा केंद्र संचालकों और ग्राम प्रधानों की मदद से किसानों को जागरूक किया जा रहा है। सभी किसानों से अनुरोध है कि वे जल्द से जल्द अपने निकटतम जनसेवा केंद्र पर जाकर रजिस्ट्रेशन करवाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करें।

Share News