स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस ने मारा छापा

493 Views

बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक स्पा सेंटर पर छापा मारकर देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। इस दौरान, पुलिस ने चार युवतियों और दो युवकों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा, जबकि स्पा सेंटर का संचालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और स्पा सेंटर से कई आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की हैं।

 

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रेमनगर इलाके में स्थित एक स्पा सेंटर की आड़ में अवैध देह व्यापार चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। पूछताछ के दौरान रिसेप्शन पर मौजूद महिला मैनेजर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करती रही, लेकिन जब पुलिस ने अंदर जाकर जांच की, तो चार युवतियां और दो युवक आपत्तिजनक हालत में मिले।

 

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने सभी छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि पकड़ी गई युवतियों को अन्य शहरों से बुलाया गया था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह रैकेट कहां-कहां फैला हुआ है और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

 

अवैध स्पा सेंटरों पर होगी कार्रवाई

बरेली में मसाज पार्लर और स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार का धंधा तेजी से फल-फूल रहा है। सिविल लाइंस, रामपुर गार्डन, बरेली कॉलेज, डीडी पुरम और पीलीभीत बायपास जैसे इलाकों में भी इस तरह की गतिविधियां संचालित होने की सूचना है। एसएसपी अनुराग आर्य ने निर्देश दिए हैं कि बिना लाइसेंस संचालित और अवैध गतिविधियों में लिप्त स्पा सेंटरों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब इस तरह के सभी सेंटरों की सूची तैयार कर रही है और जल्द ही बड़े स्तर पर छापेमारी की जा सकती है।

 

Share News