जनवरी 2025 की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में बरेली को प्रदेश में मिला ओवरऑल 9वां स्थान

793 Views

बरेली: सीएम डैशबोर्ड पोर्टल पर जारी जनवरी 2025 की रैंकिंग में बरेली जनपद ने उल्लेखनीय प्रगति करते हुए प्रदेश में ओवरऑल 9वां स्थान प्राप्त किया है। विकास कार्यों में जनपद को तीसरा स्थान और राजस्व कार्यक्रमों में 25वां स्थान मिला है। यह सफलता जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के कुशल नेतृत्व और विभागीय अधिकारियों की मेहनत का परिणाम है।

 

दिसंबर 2024 में बरेली की ओवरऑल रैंकिंग 14वें स्थान पर थी। नए साल की शुरुआत के साथ ही जनपद ने पांच रैंक की छलांग लगाकर 9वां स्थान हासिल किया है। विकास कार्यों में सात रैंक की प्रगति करते हुए जनपद ने तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि राजस्व कार्यक्रमों में पांच रैंक की बढ़त के साथ 25वां स्थान प्राप्त किया।

 

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने इस उपलब्धि के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी और विकास एवं राजस्व कार्यों की गति को बनाए रखने के निर्देश दिए। उनका कहना है कि यह सफलता टीमवर्क और निरंतर निगरानी का परिणाम है।

 

दिसंबर 2024 में प्रदर्शन:
दिसंबर में बरेली को विकास कार्यक्रमों में 10वां, राजस्व कार्यक्रमों में 30वां, और ओवरऑल 14वां स्थान मिला था। जनवरी में हुए सुधार ने बरेली को प्रदेश के टॉप 10 जिलों में शामिल कर दिया है।

 

यह प्रगति न केवल प्रशासनिक नेतृत्व बल्कि जनपद के सभी अधिकारियों की मेहनत और समर्पण को दर्शाती है। जिलाधिकारी ने विकास और राजस्व कार्यक्रमों को और बेहतर बनाने के लिए सभी विभागों को समर्पित प्रयास जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

Share News