Homeउत्तर प्रदेशबरेली में ऑपरेशन में गंभीर लापरवाही का आरोप, पित्त की नली कटने...

बरेली में ऑपरेशन में गंभीर लापरवाही का आरोप, पित्त की नली कटने से युवती की हालत बिगड़ी; दोबारा ऑपरेशन के नाम पर मांगे तीन से चार लाख रुपये

पीड़ित परिवार ने श्रीजी हॉस्पिटल के डॉक्टरों पर लगाए गंभीर आरोप, विरोध करने पर अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की

बरेली। जिले के करगैना बाजार स्थित श्रीजी हॉस्पिटल में एक युवती के ऑपरेशन में गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पित्त की थैली में पथरी का ऑपरेशन कराने के बाद युवती की हालत में सुधार होने के बजाय लगातार पेट दर्द और उल्टियों की समस्या बनी रही। बाद में दूसरे चिकित्सक से जांच कराने पर परिजनों को बताया गया कि ऑपरेशन के दौरान युवती की पित्त की नली में करीब 18 एमएम का कट लग गया है। इसके बाद परिवार ने संबंधित डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।प्राप्त शिकायत के अनुसार, शगुन कश्यप के पेट में काफी समय से दर्द की शिकायत थी। इस पर परिजनों ने 24 अक्टूबर 2026 को बदायूं रोड स्थित करगैना बाजार, लाल शिव मंदिर के निकट श्रीजी हॉस्पिटल में डॉक्टर आशीष अग्रवाल से परामर्श लिया। डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। परिजनों ने वी केयर प्रताप हॉस्पिटल के सामने, क्लब-7 के पास मिनी बाईपास रोड, कर्मचारी नगर स्थित सेंटर पर अल्ट्रासाउंड कराया। रिपोर्ट देखने के बाद डॉक्टर आशीष अग्रवाल ने बताया कि युवती की पित्त की थैली में पथरी है और जल्द ऑपरेशन कराना आवश्यक है।परिवार का कहना है कि डॉक्टर की सलाह पर वे ऑपरेशन के लिए तैयार हो गए। 30 अक्टूबर 2026 को शगुन को श्रीजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। परिजनों के मुताबिक, अस्पताल की ओर से ऑपरेशन के लिए 20 हजार रुपये का खर्च बताया गया और आश्वासन दिया गया कि इसके अतिरिक्त कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके बाद डॉक्टर आशीष अग्रवाल ने आवश्यक जांच कराने के बाद ऑपरेशन कराया। शिकायत में बताया गया है कि ऑपरेशन डॉक्टर दुष्यंत गुप्ता ने किया था, जिन्हें डॉक्टर आशीष अग्रवाल ने बुलाया था।परिजनों के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को अस्पताल से शगुन को डिस्चार्ज कर दिया गया। अस्पताल की ओर से बताया गया कि सब ठीक है और अब उसे घर ले जाया जा सकता है। हालांकि, घर पहुंचने के बाद भी शगुन के पेट में लगातार दर्द और उल्टियां होती रहीं। इस पर डॉक्टर आशीष अग्रवाल ने 4 नवंबर को दोबारा अस्पताल बुलाया और सीबीसी, केएफटी, एलएफटी सहित अन्य जांच कराने को कहा। परिजनों का दावा है कि उन्होंने सभी जांच कराईं और रिपोर्ट उनके पास मौजूद हैं।शिकायत में आगे बताया गया है कि डॉक्टर आशीष अग्रवाल ने ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर दुष्यंत गुप्ता से संपर्क करने और उनके राजेंद्र नगर स्थित अस्पताल में दिखाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन 6 नवंबर 2026 को शगुन को लेकर डॉक्टर दुष्यंत गुप्ता के पास पहुंचे। डॉक्टर ने एमआरपी और अल्ट्रासाउंड सहित कुछ अन्य जांच कराने को कहा। परिजनों ने 13 नवंबर 2026 को सभी जांच रिपोर्ट डॉक्टर को दिखाई।

परिवार का आरोप है कि रिपोर्ट देखने के बाद डॉक्टर दुष्यंत गुप्ता ने बताया कि शगुन का ऑपरेशन सही तरीके से नहीं हुआ है और ऑपरेशन के दौरान पित्त की नली में करीब 18 एमएम का कट लग गया है। डॉक्टर ने कथित तौर पर बताया कि पित्त की नली अभी कमजोर है और लगभग तीन महीने बाद दोबारा ऑपरेशन करना पड़ेगा। इसके लिए करीब एक लाख रुपये ऑपरेशन पर तथा दवाइयों, बेड चार्ज और अन्य खर्चों को मिलाकर कुल तीन से चार लाख रुपये तक खर्च होने की बात कही गई।परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने डॉक्टर से सवाल किया कि यदि ऑपरेशन में गलती हुई है तो उसका आर्थिक बोझ परिवार क्यों उठाए और यदि उनकी बेटी को कुछ हो जाता है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा, तो डॉक्टर और उनके स्टाफ का व्यवहार कथित तौर पर आक्रामक हो गया। परिवार ने अभद्र भाषा का प्रयोग करने और धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, उन्हें कथित तौर पर यह कहा गया कि जो करना है कर लो, उनकी बहुत ऊंची पहुंच है और कोई उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इतना ही नहीं, शिकायत में कार्रवाई करने पर जान से मरवाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम के बाद शगुन शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान है तथा भयभीत है। परिवार ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में गलत ऑपरेशन करके उनसे लगभग एक लाख रुपये ले लिए गए और अब दोबारा इलाज के नाम पर लाखों रुपये का खर्च बताया जा रहा है।पीड़ित परिवार की प्रशासन से मांग

पीड़ित परिवार ने अपनी शिकायत में संबंधित डॉक्टरों और श्रीजी हॉस्पिटल प्रबंधन के खिलाफ निष्पक्ष जांच कराकर उचित कानूनी कार्रवाई करने, ऑपरेशन में हुई कथित लापरवाही की चिकित्सकीय जांच कराने, इलाज पर हुए खर्च की जिम्मेदारी तय करने तथा परिवार को मिल रही कथित धमकियों के मामले में सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग की है।

परिवार ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई

 

 

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments