बरेली। डोरी लाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में अंडर-15 बालक एवं बालिका वर्ग के बैडमिंटन खिलाड़ियों का जिला स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किया गया। ट्रायल में बरेली जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और कोर्ट पर शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन, तकनीक और खेल क्षमता के आधार पर चयन समिति ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन किया।

बैडमिंटन कोच करण प्रताप सिंह ने बताया कि ट्रायल का मुख्य उद्देश्य आगामी अंडर-15 राज्य स्तरीय समन्वय प्रतियोगिता के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन करना है। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया। कई खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
जिला स्तरीय ट्रायल के बाद बालक वर्ग में विक्रम, अनंत, प्रियांश, समर्थ, किशन शर्मा, अनिरुद्ध और यश का चयन किया गया। वहीं बालिका वर्ग में आयशा, आद्या गुप्ता, लवी अवस्थी, धेयांशी, ऋद्धि जॉली और आलिया ने अपनी जगह बनाई।
चयनित खिलाड़ियों के सामने अब अगली चुनौती 2 सितंबर को होने वाला मंडल स्तरीय चयन ट्रायल है। जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी मंडल स्तर पर अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे। यहां बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन मंडल टीम के लिए किया जाएगा।
इसके बाद चयनित खिलाड़ी 7 से 9 सितंबर तक गाजियाबाद में आयोजित होने वाली अंडर-15 बालक एवं बालिका वर्ग की राज्य स्तरीय समन्वय प्रतियोगिता में बरेली मंडल का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त करेंगे।
ट्रायल के दौरान स्टेडियम में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना। युवा खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को खेल में अनुशासन, निरंतर अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
चयनित खिलाड़ियों के चयन पर उनके अभिभावकों और खेल प्रेमियों में भी खुशी का माहौल रहा। प्रशिक्षकों ने सभी चयनित खिलाड़ियों को मंडल स्तरीय ट्रायल के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि खिलाड़ी अगले स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर बरेली का नाम रोशन करेंगे।


