
बरेली, 17 मार्च। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रहपुरा चौधरी गांव में पत्नी और ससुराल पक्ष पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी अफसर खान को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
सोमवार को आरोपी अफसर खान ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी साइमा, सास आसमा और साले आदिल पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में सास आसमा और साले आदिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी साइमा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसएसपी अनुराग आर्य के अनुसार घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। सूचना मिली कि अफसर खान मुड़िया अहमदनगर के सहारा ग्राउंड में अवैध हथियार के साथ मौजूद है और अपनी पत्नी पर दोबारा हमला करने की फिराक में है। पुलिस टीम ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल रूपेंद्र और कांस्टेबल अनुराग घायल हो गए।
मौके से पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 बोर की पिस्तौल, घटना में प्रयुक्त चाकू, चार जिंदा कारतूस और 10 खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2009 में उसने अपने सगे मामा की हत्या की थी, जिसके लिए उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी, हालांकि बाद में वह जमानत पर बाहर था।
पुलिस ने मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

More Stories
एसएसपी बरेली अनुराग आर्य के निर्देश पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सास और साले का कातिल मुठभेड़ में ढेर
बीमारी के ढाँचे का विस्तार नहीं, रोगों की रोकथाम: भारत के लिए एक सार्वजनिक स्वास्थ्य अनिवार्यता
भरी पंचायत में डबल मर्डर