स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को राहत: नेगेटिव बैलेंस के 50% रिचार्ज पर 3 दिन के लिए बिजली बहाल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण राहत की घोषणा की है। अब यदि प्री-पेड स्मार्ट मीटर का बैलेंस शून्य होने के कारण बिजली कनेक्शन कट जाता है, तो उपभोक्ता नेगेटिव प्रीपेड बैलेंस का कम से कम 50 प्रतिशत रिचार्ज कराकर 3 दिनों के लिए विद्युत आपूर्ति पुनः बहाल करवा सकेंगे। हालांकि यह सुविधा प्रत्येक उपभोक्ता को केवल एक बार ही दी जाएगी।
यूपीपीसीएल के अनुसार आरडीएसएस योजना के तहत प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है। अब तक लगभग 78 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जिनमें से करीब 70.50 लाख प्री-पेड स्मार्ट मीटर हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य उपभोक्ताओं को पारदर्शी, सटीक और सुविधाजनक बिजली सेवाएं उपलब्ध कराना है।
स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ताओं को सटीक बिलिंग, दैनिक बिजली खपत की जानकारी, न्यूनतम मानवीय हस्तक्षेप तथा निर्धारित विद्युत टैरिफ पर 2 प्रतिशत छूट का लाभ मिलता है। इससे उपभोक्ताओं को सस्ती और भरोसेमंद बिजली उपलब्ध हो रही है।
यूपीपीसीएल ने बताया कि पोस्ट-पेड से प्री-पेड में परिवर्तन होने पर उपभोक्ता की जमा सिक्योरिटी राशि का लाभ भी मिलता है। यह राशि पूर्व बकाया बिल में समायोजित हो जाती है या यदि कोई बकाया नहीं है तो सीधे प्री-पेड बैलेंस में जोड़ दी जाती है। हालांकि अंतिम पोस्ट-पेड बिल से प्री-पेड में परिवर्तन की तिथि तक का बकाया भुगतान करना आवश्यक होता है।
स्मार्ट मीटर उपभोक्ता अपनी बिजली खपत, बैलेंस और बिल की जानकारी यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप, विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.uppcl.org�, एसएमएस या मीटर डिस्प्ले के माध्यम से देख सकते हैं। रिचार्ज की सुविधा भी बेहद आसान है। उपभोक्ता वेबसाइट, ऐप, भीम, फोनपे, गूगल पे जैसे डिजिटल माध्यमों से घर बैठे रिचार्ज कर सकते हैं। इसके अलावा विभागीय कैश काउंटर और जन सुविधा केंद्रों पर भी रिचार्ज की सुविधा उपलब्ध है।
प्री-पेड प्रणाली में यदि पूर्व के पोस्ट-पेड बिल का बकाया है तो वह हर रिचार्ज से स्वतः समायोजित हो जाता है। घरेलू (एलएमवी-1) उपभोक्ताओं के लिए 10,000 रुपये तक के बकाये पर 10 प्रतिशत, 10,000 से 15,000 रुपये तक पर 15 प्रतिशत, 15,000 से 20,000 रुपये तक पर 20 प्रतिशत और 20,000 रुपये से अधिक बकाये पर 25 प्रतिशत राशि प्रत्येक रिचार्ज से समायोजित की जाती है। अन्य श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए 25 प्रतिशत बकाया स्वतः समायोजित होता है।
यूपीपीसीएल ने बताया कि स्मार्ट मीटर प्रणाली में बिजली का डिस्कनेक्शन और रीकनेक्शन पूरी तरह स्वचालित है। बैलेंस समाप्त होने पर बिजली स्वतः कट जाती है और रिचार्ज करने पर तुरंत बहाल हो जाती है।
नए सिस्टम को ध्यान में रखते हुए उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए यह निर्णय लिया गया है कि नेगेटिव बैलेंस के 50 प्रतिशत तक रिचार्ज करने पर कनेक्शन 3 दिनों के लिए दोबारा चालू किया जाएगा, ताकि उपभोक्ता इस अवधि में पूरा रिचार्ज कर सकें।
यूपीपीसीएल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपना प्री-पेड बैलेंस हमेशा सकारात्मक रखें, जिससे विद्युत आपूर्ति निर्बाध बनी रहे।

More Stories
पत्नी और ससुराल वालों पर हमला करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल
एसएसपी बरेली अनुराग आर्य के निर्देश पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सास और साले का कातिल मुठभेड़ में ढेर
बीमारी के ढाँचे का विस्तार नहीं, रोगों की रोकथाम: भारत के लिए एक सार्वजनिक स्वास्थ्य अनिवार्यता