भरी पंचायत में डबल मर्डर

64 Views

बरेली में आज भरी पंचायत के बीच खूनी खेल खेला गया। यह सनसनीखेज वारदात किसी और ने नहीं बल्कि दामाद ने ही अंजाम दी। दरअसल पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई थी, लेकिन बातचीत के दौरान दामाद अफसर खान अचानक भड़क गया। उसने चाकू निकालकर पंचायत के बीच ही अपनी सास और साले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।

बताया जा रहा है कि अफसर खान ने करीब आठ साल पहले अपनी सगी चचेरी बहन साईमा से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए इलाके में सभासद का चुनाव लड़ चुके राशीद के घर पर पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत के दौरान ही अफसर खान ने गुस्से में आकर चाकू से हमला कर दिया और दोहरे हत्याकांड को अंजाम दे दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर एडीजी रमित शर्मा, एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक और सीओ पंकज श्रीवास्तव भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी अफसर खान की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी गई हैं और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share News