राघव वेंकट हॉल में महिला दिवस व रंगोत्सव का भव्य आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा परिसर
बरेली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2026 को राघव वेंकट हॉल में महिला दिवस एवं रंगोत्सव का भव्य और गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन समाजसेवी श्री विनोद कुमार गुप्ता एवं श्रीमती रुचि गुप्ता द्वारा किया गया। कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों, महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। उपस्थित सभी महिलाओं ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद अतिथियों का पारंपरिक तरीके से पुष्पमालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि श्री रवीष कुमार गुप्ता का स्वागत श्री विनोद कुमार गुप्ता ने माल्यार्पण कर किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का संचालन योगाचार्य श्री ओमकार ने बेहद प्रभावशाली और रोचक अंदाज में किया, जिससे पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को भी सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित श्री नवीन कुमार तथा डॉक्टर की उपाधि से सम्मानित श्रीमती रितु शर्मा को श्री विनोद कुमार गुप्ता एवं श्रीमती रुचि गुप्ता ने अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण का संदेश प्रमुख रूप से दिया गया। समाजसेवी विधोत्तमा आजाद ने अपने संबोधन में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आज के समय में
महिलाओं का शिक्षित और आत्मनिर्भर होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं आगे बढ़ेंगी तो समाज और देश भी प्रगति करेगा। उन्होंने विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि हर परिवार को अपनी बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षित करना चाहिए।
कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। आराध्या, खुशी, ज्ञाज़ और बॉबी ने अपने शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। वहीं ग्रुप डांस में नितिन और उनके साथियों ने जोशीली प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं और माहौल को उत्साह से भर दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रीमती प्रज्ञा जी ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम और मेल-मिलाप को बढ़ाते हैं। उन्होंने आयोजकों को इस सफल कार्यक्रम के लिए बधाई भी दी।
पूरे कार्यक्रम के दौरान राघव वेंकट हॉल का वातावरण उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करते रहने का संकल्प लिया।
यह आयोजन न केवल महिला सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश देने वाला रहा, बल्कि समाज में एकता, संस्कृति और आपसी सहयोग की भावना को भी मजबूत करने वाला साबित हुआ।

More Stories
3.15 लाख करोड़ का गन्ना भुगतान, योगी सरकार ने रचा नया इतिहास
नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में आरोपी गिरफ्तार
सड़क का गड्ढा बना ‘जीवनदाता’, ब्रेन डेड घोषित महिला की एंबुलेंस में लौटी सांस