सड़क का गड्ढा बना ‘जीवनदाता’, ब्रेन डेड घोषित महिला की एंबुलेंस में लौटी सांस

16 Views

पीलीभीत/बरेली। सड़कों पर बने गड्ढे आमतौर पर हादसों की वजह बनते हैं, लेकिन इस बार एक गड्ढा किसी के लिए जीवनदाता साबित हो गया। पीलीभीत की रहने वाली एक महिला, जिसे डॉक्टरों ने ब्रेन डेड घोषित कर दिया था, एंबुलेंस को लगे जोरदार झटके के बाद अचानक सांस लेने लगी। इस घटना को परिजन किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं।

जानकारी के अनुसार पीलीभीत शहर निवासी विनीता शुक्ला की 22 फरवरी को अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें आधी रात के बाद 23 फरवरी को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए। वहां दो दिन तक इलाज चलने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया और घर ले जाने की सलाह दे दी।

डॉक्टरों की घोषणा के बाद परिजन विनीता को एंबुलेंस से वापस पीलीभीत ले जा रहे थे। इसी दौरान बरेली-पीलीभीत रोड पर एंबुलेंस का एक पहिया सड़क के गहरे गड्ढे में गिर गया, जिससे वाहन को जोरदार झटका लगा।

परिजनों के अनुसार झटके के बाद अचानक विनीता शुक्ला की सांसें चलने लगीं। यह देख एंबुलेंस में मौजूद लोग हैरान रह गए। एंबुलेंस को तुरंत वापस मोड़कर उन्हें पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि विनीता शुक्ला की हालत अब स्थिर है। बाद में परिजन उन्हें घर ले आए, जहां वह फिलहाल परिवार के बीच स्वस्थ हैं।

वहीं इस मामले में इलाज करने वाले डॉक्टर से बातचीत की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कैमरे पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

Share News