धोपा मंदिर के सेवादार विजय राठौर ने 32 मिनट के वीडियो में खोली सिस्टम और अपनों की पोल, किया सुसाइड 

21 Views

बरेली ।थाना कैंट के धोपेश्वरनाथ मंदिर के सेवादार विजय राठौर ने मौत को गले लगाने से पहले सोशल मीडिया पर अपनी जिंदगी की सबसे दर्दनाक दास्तां साझा की है। 32 मिनट के इस वीडियो में विजय ने अपनी बेबसी, प्यार में मिली बेवफाई और अपनों के साथ-साथ पुलिस की प्रताड़ना का कच्चा चिट्ठा खोला है। विजय ने कहा, “मेरा नाम विजय राठौर है, मैं बरेली कैंट का रहने वाला हूं। मैं आज या कल सुसाइड कर लूंगा। मैं इतना परेशान हूं कि रात भर सो नहीं पाता। मेरे पास यही रास्ता बचा है।”

मंदिर से शुरू हुई थी मोहब्बत, शर्तों पर टिका था रिश्ता

विजय ने बताया कि उसकी और वंशिका नागर की मुलाकात दो साल पहले धोपेश्वरनाथ मंदिर में हुई थी। इंस्टाग्राम पर बातचीत बढ़ी और विजय ने उसे प्रपोज किया। वंशिका ने शादी के लिए हां कह दी थी और दोनों के बीच सब कुछ अच्छा चल रहा था। विजय के मुताबिक, वंशिका की मां भी मंदिर में उससे मिलने आती थी और रिश्ते से वाकिफ थी। 2025 की महाशिवरात्रि पर विजय शिव बारात की जिम्मेदारी संभाल रहा था, तभी वंशिका ने शादी के लिए दबाव बनाना शुरू किया। विजय ने करियर, स्टैनो के एग्जाम और अपनी बहन की बीमारी (जिसने दवाई खा ली थी और अस्पताल में भर्ती थी) का हवाला देकर थोड़ा समय मांगा, लेकिन वंशिका ने बात नहीं मानी। गुस्से में विजय ने कह दिया कि वह अभी शादी की बात नहीं कर सकता, जिसके बाद एक महीने तक दोनों में बातचीत बंद रही।

करियर संवारा, नोएडा में नौकरी की, फिर भी मिला धोखा

कुछ समय बाद वंशिका ने मैसेज किया कि उसकी शादी कहीं और लग गई है। विजय उसके पैरों में गिरा, उसके मम्मी-पापा के सामने हाथ-पैर जोड़े, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। वंशिका ने विजय के सामने कुछ शर्तें रखी थीं- 20 से 25 हजार की नौकरी, यारी-दोस्ती छोड़ना और करियर पर ध्यान देना। विजय ने ये सब स्वीकार किया और नोएडा की ‘संकोडा’ कंपनी में नौकरी हासिल की। 14 सितंबर 2025 को जॉइनिंग हुई और 20 हजार से ज्यादा की सैलरी मिली। विजय ने अपनी पहली सैलरी का स्क्रीनशॉट भी वंशिका को भेजा ताकि वह यकीन कर सके कि उसने सब ठीक कर लिया है। विजय ने कहा, “मैं नशा नहीं करता, दारू-सिगरेट नहीं पीता, फिर भी इन लोगों ने मुझे इतना परेशान कर दिया।”

सगे भाई ने दी रूह कंपाने वाली प्रताड़ना: ‘तीन दिन बांधकर पीटा’

वीडियो का सबसे झकझोर देने वाला हिस्सा विजय के अपने परिवार पर आरोप है। विजय ने बताया कि उसका बड़ा भाई अजय राठौर, जो कि एडवोकेट है, ने उसे सहारा देने के बजाय दुश्मन जैसा बर्ताव किया। अक्टूबर में जब विजय नोएडा से बरेली आया, तो उसके भाई और परिजनों ने उसे धोखे में रखा। 19, 20 और 21 अक्टूबर (छोटी दिवाली, बड़ी दिवाली और विजय के जन्मदिन) को उसके भाई, मां, पिता और छोटी बहन नैना राठौर ने उसे तीन दिन तक घर में बांधकर बेरहमी से पीटा। विजय ने रोते हुए कहा, “मेरा चेहरा और पैर सुझा दिए थे, कमर में आज भी दर्द होता है। मेरा भाई वकील है, उसने मेरा साथ देने के बजाय मुझे मारा।”

पुलिस की वसूली और झूठी एप्लीकेशन का जाल

विजय ने गंभीर आरोप लगाया कि लाल फाटक चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी संदीप ने उससे 10 हजार रुपये की वसूली की। यह पैसे विजय ने अपनी जेब से दिए थे। आरोप है कि वंशिका के परिजनों और विजय के वकील भाई ने मिलकर विजय के खिलाफ ‘तेजाब डालने की धमकी’ देने की झूठी एप्लीकेशन पुलिस में दिलवाई। विजय ने कहा, “मैंने कभी ऐसी धमकी नहीं दी, मैं सिर्फ अपना नुकसान कर सकता हूं, उसका नहीं।” पुलिस ने उसे थाने बुलाकर गालियां दीं और पैर में गोली मारने की धमकी दी। विजय ने बताया कि रानी भारती नाम की महिला दरोगा (SI) भी उसे फोन करके परेशान करती थीं।

जीजा और होने वाले पति ने भी की मारपीट

विजय ने बताया कि वंशिका के जीजा अनमोल सूरी ने उसे कई बार रास्ते में रोका और पीटा। विजय के मुताबिक, अनमोल चोरी के केस में पहले भी शिवगंज थाने में पैसे दे चुका है। यही नहीं, जिस लड़के (तन्मय उर्फ सुमित) से वंशिका की शादी तय हुई है, उसने भी 2 मार्च 2026 को अपने साथियों के साथ मिलकर विजय को बुरी तरह पीटा। विजय ने अपना सूजा हुआ बदन दिखाते हुए कहा कि अब वह और नहीं पिट सकता। उसने बताया कि वंशिका के पिता नारायण दास ने उसे एसटीएफ (STF) लगवाने और जान से मारने की धमकी दी थी।

इन चार लोगों को ठहराया अपनी मौत का जिम्मेदार

विजय ने अपनी मौत के लिए मुख्य रूप से चार लोगों के नाम लिए हैं और प्रशासन से उन्हें सजा देने की मांग की है। ये चार लोग हैं: अजय राठौर (सगा भाई/एडवोकेट), अनमोल सूरी (वंशिका का जीजा), नारायण दास (वंशिका के पिता) और खुद वंशिका नागर। विजय ने कहा कि इन लोगों ने मिलकर उसका करियर और मानसिक शांति सब खत्म कर दी है।

 

अंतिम संदेश: ‘आज रात मैं लटक जाऊंगा’

वीडियो के अंत में विजय ने कहा, “मैं आज रात कमरे में लटक जाऊंगा। मैं फांसी लगाकर अपनी जान दे दूंगा। मैं बस इतना चाहता हूं कि यह वीडियो बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचे। किसी और लड़के के साथ ऐसा न हो कि उसे सुसाइड करना पड़े। वंशिका, तुम खुश रहो और जाकर अपनी शादी करो।” विजय ने स्पष्ट किया कि उसकी मौत में किसी दोस्त का हाथ नहीं है, वह केवल अपने और वंशिका के घर वालों की प्रताड़ना से टूट चुका है।

Share News