शाही पुलिस की बड़ी सफलता मुठभेड़ में दो शातिर नकबजन गिरफ्तार, ₹3 लाख नकद व अवैध असलाह बरामद

46 Views

बरेली,  थाना शाही पुलिस ने कस्बा शाही के मोहल्ला आजमनगर में हुई नकबजनी की घटना का सफल खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ₹3,00,320 नकद, दो तमंचे 315 बोर, पांच कारतूस (तीन जीवित व दो खोखा) तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

ज्ञात हो कि 05/06 फरवरी की रात्रि चाँद बाबू के घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने सोने-चाँदी के जेवरात व ₹28 हजार नकद चोरी कर लिये थे। इस संबंध में थाना शाही पर मुकदमा दर्ज किया गया था।

थाना प्रभारी राजेश कुमार बैंसला पुलिस टीम के साथ 25 फरवरी की रात्रि गश्त पर थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल अभियुक्त चोरी के जेवरात बेचकर प्राप्त धनराशि लेकर दिल्ली भागने की फिराक में हैं। सूचना पर बीएसएनएल चौराहे के पास घेराबंदी की गई। संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास करने पर दोनों अभियुक्त भागने लगे। पीछा करने पर शाही-मिर्जापुर रोड स्थित श्मशान के पास उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई।

पुलिस के अनुसार भागते समय अभियुक्तों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में अभियुक्त इमरान के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अभियुक्त को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इमरान पुत्र वाहिद उर्फ बब्लू निवासी आजमनगर कस्बा शाही (घायल) तथा तौफीक पुत्र अली अहमद निवासी ग्राम बसई थाना शाही के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार इमरान पर पूर्व से 13 तथा तौफीक पर 8 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पूछताछ में अभियुक्तों ने चोरी की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने बुर्का व मास्क पहनकर घर की रेकी कर वारदात को अंजाम दिया था। चोरी के जेवरात स्थानीय सुनारों को बेच दिए गए थे, जिन्होंने उन्हें गलाकर टिक्कियां बना ली थीं। उसी बिक्री के रुपये लेकर दोनों दिल्ली जाने की तैयारी में थे।

पुलिस ने मुठभेड़ व बरामदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अन्य प्रकाश में आए अभियुक्तों की तलाश जारी है।

Share News