1.27 किलो अवैध अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

53 Views

बरेली। जनपद में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बारादरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 किलो 270 ग्राम अवैध अफीम तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 30 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार रात डोहरा चौराहा क्षेत्र में गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति अमृत विचार कार्यालय के सामने खाली स्थान पर नशे का पदार्थ बेचने की फिराक में हैं। मौके पर पहुंची टीम को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। तलाशी में अफीम बरामद हुई।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कुंवरपाल यादव निवासी मसियाबाद, थाना मीरगंज तथा अजय सैनी निवासी मेहतपुर करोड, थाना बिथरी चैनपुर के रूप में हुई। पूछताछ में अजय ने बताया कि वह एक ट्रक चालक के संपर्क में आकर लालच में तस्करी करने लगा और कुंवरपाल को भी साथ मिला लिया। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

Share News