स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का खुलासा, पुलिस के छापे से पहले फरार हुए आरोपी

60 Views

बरेली, बारादरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार को स्पा सेंटरों और कैफे पर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान पीलीभीत बाइपास के पास स्थित सर्वोत्तम हॉस्पिटल की दूसरी मंजिल पर संचालित एक स्पा सेंटर में कथित रूप से देह व्यापार संचालित होने की सूचना पर छापा मारा गया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद आरोपी फरार हो गए।

अस्पताल की दूसरी मंजिल पर चल रहा था कथित धंधा, आपत्तिजनक सामग्री बरामद

पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों ने शिकायत की थी कि अस्पताल की दूसरी मंजिल पर बने स्पा सेंटर में संदिग्ध युवकों और युवतियों की आवाजाही होती है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं मिला। तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने की बात कही गई है। पुलिस ने संबंधित स्पा सेंटर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

बारादरी थाने के इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

उधर, युवा हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष हिमांशु पटेल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर शहर में संचालित अवैध मसाज पार्लर, स्पा सेंटर और कैफे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि कुछ स्थानों पर वेलनेस सेंटर और मसाज पार्लर की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share News