वाहन चेकिंग में चोरी की बाइक बरामद, युवक गिरफ्तार

55 Views

बरेली। थाना मीरगंज पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी संतोष कुमार पुत्र रामचरण लाल निवासी ग्राम असदनगर, थाना मीरगंज को नाथपुरा रोड पर संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा गया।

मीरगंज पुलिस की कार्रवाई, उत्तराखंड से चोरी हुई थी मोटरसाइकिल

जांच के दौरान बरामद मोटरसाइकिल के दस्तावेजों में गड़बड़ी पाए जाने पर पुलिस ने छानबीन की। पड़ताल में सामने आया कि उक्त बाइक उत्तराखंड के जनपद उधम सिंह नगर के रुद्रपुर क्षेत्र से चोरी हुई थी, जिसके संबंध में संबंधित थाने में पहले से मुकदमा दर्ज है। बरामदगी के आधार पर थाना मीरगंज में भी अभियोग पंजीकृत किया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह मोटरसाइकिल करीब तीन महीने पूर्व सूरज पुत्र घनश्याम निवासी राजेंद्र नगर, कस्बा मीरगंज से खरीदी थी। पुलिस इस जानकारी के आधार पर आगे की जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर, उपनिरीक्षक पंकज कुमार (कस्बा चौकी प्रभारी), उपनिरीक्षक महेश कुमार तथा कांस्टेबल विवेक शर्मा शामिल रहे।

Share News