घर में सामूहिक नमाज़ को लेकर विवाद, 200 परिवारों ने जताई नाराज़गी

59 Views

विशारतगंज (बरेली)। थाना क्षेत्र के मोहम्मदगंज गांव में घर को अस्थायी रूप से मस्जिद बनाकर सामूहिक नमाज़ पढ़ने के मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि 16 जनवरी को भी इसी मुद्दे पर विवाद हुआ था, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

प्रशासन पर कार्रवाई न करने का आरोप, कोर्ट ने डीएम और एसएसपी को लगाई फटकार

ग्रामीणों के अनुसार, गांव के लगभग 200 परिवारों ने इस पर आपत्ति जताते हुए नाराज़गी व्यक्त की है और पलायन की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि गांव में पहले से आपसी सहमति के तहत शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए न तो मंदिर बनाया गया और न ही मस्जिद। ऐसे में किसी घर में सामूहिक नमाज़ आयोजित किया जाना समझौते के विरुद्ध है।

वहीं, इस प्रकरण में न्यायालय ने नमाज़ पढ़ने से रोकने को लेकर जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। कोर्ट ने जिलाधिकारी (डीएम) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को फटकार लगाते हुए कानून-व्यवस्था और धार्मिक स्वतंत्रता के बीच संतुलन बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। पुलिस ने भी क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है।

गांव में फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, हालांकि दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन सतर्क है।

Share News