बरेली में गौशाला की बदहाल स्थिति: भूख से चार गायों की मौत, ग्रामीणों में रोष

54 Views

 

बरेली। सरकारी खर्च के बावजूद पशुओं की दयनीय हालत, ग्रामीणों ने डीएम से की जांच और कार्रवाई की मांग ,सरकार द्वारा गौ संरक्षण और गौशालाओं के संचालन पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के दावों के बीच बरेली जिले से चिंताजनक मामला सामने आया है। थाना भमोरा क्षेत्र के गांव कुड्डा स्थित एक गौशाला में कथित रूप से भूख के कारण चार गायों की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

ग्रामीणों का आरोप है कि गौशाला में पशुओं को पर्याप्त चारा और देखभाल नहीं मिल रही थी, जिसके चलते गायों ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। मृत गायों के शव गौशाला परिसर में खुले पड़े रहे, जिन्हें कुत्ते नोचते देख ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। इस दौरान मौके पर हंगामे की स्थिति भी बन गई।

सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि अभी तक दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने इस मामले को गंभीर लापरवाही बताते हुए गौशाला प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि गायों के चारे और रखरखाव के लिए आने वाली सरकारी धनराशि का सही उपयोग नहीं हो रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह बरेली के ही निवासी हैं। ऐसे में यह मामला शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।

अब देखना यह है कि प्रशासन इस घटना को कितनी गंभीरता से लेते हुए गौशालाओं की व्यवस्था सुधारने के लिए क्या कदम उठाता है।

Share News