
बरेली, 16 फरवरी। बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी कार्रवाई में दो अभियुक्तों के पैर में गोली लगी, जबकि दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भोजीपुरा भेजा गया है।
संदिग्ध वाहन से शुरू हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 16 फरवरी की रात्रि लगभग 1:40 बजे थाना प्रभारी भोजीपुरा पुलिस बल के साथ क्षेत्र में गश्त एवं वांछित अभियुक्तों की चेकिंग कर रहे थे। ग्राम मसीत से महेशपुर शिवसिंह मार्ग पर एक पिकअप वाहन संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला, जिसकी नंबर प्लेट कपड़े से ढकी हुई थी। पुलिस द्वारा वाहन रोकने का प्रयास करने पर चालक नहर किनारे तेज गति से भागा और आगे जाकर वाहन पेड़ से टकरा गया।
फायरिंग में दो पुलिसकर्मी घायल
पुलिस के पीछा करने पर वाहन सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान उपनिरीक्षक रुक्मेश सिंह और कांस्टेबल 572 संजय सागर घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो अभियुक्तों के पैर में गोली लगी।
गिरफ्तार अभियुक्त
पुलिस ने मौके से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इनमें:
- अकरम अली पुत्र छीट्रू शाह निवासी लभेड़ा थाना हाफिजगंज (घायल)
- आसिफ पुत्र बशीर निवासी तुलसी नगर एजाज नगर गोटिया थाना बारादरी (घायल)
- साहिल पुत्र मोहम्मद आरिफ उर्फ पप्पू निवासी तुलसी नगर एजाज नगर गोटिया थाना बारादरी
- शाहिद पुत्र मोहम्मद आरिफ उर्फ पप्पू निवासी तुलसी नगर एजाज नगर गोटिया थाना बारादरी
बरामदगी
अभियुक्तों के कब्जे से ₹60,000 नकद, दो अवैध तमंचे (315 बोर), दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा एक पिकअप वाहन (रजि. नं. यूपी 26टी 0241) बरामद किया गया है।
डकैती कांड में थे वांछित
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त थाना भोजीपुरा में दर्ज मु0अ0सं0 87/26, धारा 310(2) बीएनएस (धौराटांडा डकैती प्रकरण, 12/13 फरवरी 2026) में वांछित थे। साथ ही, अकरम व आसिफ द्वारा 9/10 फरवरी की रात जनपद हरदोई के शाहाबाद थाना क्षेत्र में भी डकैती की घटना अंजाम दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

More Stories
हाफिजगंज पुलिस ने दो युवकों को अवैध तमंचा व कारतूस सहित किया गिरफ्तार
बरेली: तीन बदमाश जिला बदर, 24 घंटे में छोड़ना होगा जिला
भोजीपुरा पुलिस ने शकील को छह माह के लिए जिला बदर