बरेली में शीशा कैफे पर छापा, अवैध हुक्का और शराब परोसने के आरोप में दो गिरफ्तार

48 Views

बरेली। थाना प्रेमनगर पुलिस ने अवैध रूप से हुक्का और शराब परोसने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 14 फरवरी 2026 को शाम करीब 5:40 बजे एसएसडी प्लाजा के पास स्थित एक शीशा कैफे पर की गई।

पुलिस के अनुसार, सार्वजनिक स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत छापेमारी की गई। जांच के दौरान कैफे में ग्राहकों को अवैध रूप से हुक्का और अंग्रेजी शराब परोसी जा रही थी। मौके से 6 हुक्के, 4 बोतल अंग्रेजी शराब तथा लगभग 50 फीट पाइप बरामद किया गया।

इस संबंध में थाना प्रेमनगर में मु0अ0सं0 68/26 धारा 271/280 बीएनएस एवं धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में सुहेल पुत्र जुल्फी मोहम्मद (24 वर्ष) निवासी गंगापुर, थाना इज्जतनगर तथा अनस खान पुत्र हनीफ खान (21 वर्ष) निवासी कंजादासपुर, थाना इज्जतनगर शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कैफे में अवैध रूप से हुक्का और शराब परोसने की बात स्वीकार की है। दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक अपराध श्री आनंद कुमार के नेतृत्व में थाना प्रेमनगर पुलिस टीम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।

Share News