बहेड़ी (बरेली)। जमीन के बंटवारे को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में एक 85 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। आरोप है कि झगड़े के दौरान पोते ने ईंट से हमला कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शाहगढ़ मोहल्ला निवासी राजू मौर्य का सोमवार रात करीब नौ बजे अपने चचेरे-ममेरे भाई के साथ जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई। बताया जा रहा है कि उस समय दोनों पक्ष शराब के नशे में थे।

शोर-शराबा सुनकर परिवार के बुजुर्ग सदस्य 85 वर्षीय मुन्नालाल मौके पर पहुंचे और विवाद शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान राजू ने पास पड़ी ईंट उठाकर मुन्नालाल के पेट में मार दी। गंभीर रूप से घायल मुन्नालाल मौके पर ही गिर पड़े।
परिजन उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

More Stories
हाफिजगंज पुलिस ने दो युवकों को अवैध तमंचा व कारतूस सहित किया गिरफ्तार
बरेली: तीन बदमाश जिला बदर, 24 घंटे में छोड़ना होगा जिला
भोजीपुरा पुलिस ने शकील को छह माह के लिए जिला बदर