आमजन तक पहुंचेगा न्याय, बरेली में टेली लॉ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

159 Views

डिजिटल माध्यम से न्याय सुलभ, बरेली में टेली लॉ जागरूकता कार्यक्रम


बरेली। आम नागरिकों को त्वरित, सुलभ और भरोसेमंद कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए गुरुवार को विकास भवन सभागार में टेली लॉ योजना पर आधारित व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध न्यायिक सेवाओं की जानकारी देना रहा।

कार्यक्रम में श्रम परिवर्तन अधिकारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “सुशासन की नींव तभी मजबूत होती है, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक उसके अधिकारों की जानकारी और सहायता समय पर पहुंचे। टेली लॉ जैसी योजनाएं प्रशासन और आम नागरिक के बीच की दूरी को कम कर न्याय को सुलभ बनाती हैं।”
उन्होंने कहा कि कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) गांव-गांव तक कानूनी जागरूकता पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन चुके हैं।

कार्यक्रम के प्रमुख वक्ता टेली लॉ के राज्य समन्वयक वागीश सिंह ने कहा कि “टेली लॉ केवल कानूनी सलाह देने की योजना नहीं है, बल्कि यह नागरिकों में कानून के प्रति विश्वास और समझ विकसित करने का मंच है। जब लोग अपने अधिकारों और दायित्वों को समय पर समझते हैं, तो विवाद स्वतः ही कम होने लगते हैं।”

उन्होंने बताया कि तकनीक के माध्यम से सरल भाषा में कानूनी जानकारी उपलब्ध कराना इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता है, जिससे लोग बिना भय और झिझक अपनी समस्याओं का समाधान पा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान टेली लॉ की कार्यप्रणाली, सीएससी के माध्यम से कानूनी परामर्श लेने की प्रक्रिया और इससे होने वाले सामाजिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वीएलई ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस योजना से लोगों को अदालत जाने से पहले सही दिशा और मार्गदर्शन मिल रहा है, जिससे समय और धन दोनों की बचत हो रही है।

इस अवसर पर सीएससी जोनल मैनेजर मनमोहन यादव सहित जनपद के 120 से अधिक वीएलई उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सहभागियों ने टेली लॉ योजना को आमजन के लिए न्याय की दिशा में एक प्रभावी और सशक्त पहल बताया।

Share News