मृतक फाइल फोटो

उधार के रुपये मांगने पर दलित युवक की पिटाई, इलाज के दौरान मौत

123 Views

मृतक फाइल फोटो

बरेली। थाना बिथरी क्षेत्र के मोहल्ला दोहरा रोड निवासी 26 वर्षीय दलित युवक राहुल पुत्र पप्पू की दबंगों द्वारा की गई पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि पुलिस द्वारा समय पर कार्रवाई न किए जाने से नाराज़ परिजनों और भीम आर्मी आज़ाद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पोस्टमार्टम हाउस के सामने सड़क जाम कर दिया।

परिजनों के अनुसार राहुल मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके मामा हरेंद्र, निवासी गांव पंचोली, का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा था। 14 जनवरी को अस्पताल से छुट्टी के लिए 50 हजार रुपये जमा करने थे। राहुल घर से 30 हजार रुपये लेकर निकला था और शेष 20 हजार रुपये उधार लेने के लिए रामगंगा नगर कॉलोनी निवासी भीमा के पास गया था।

बताया गया कि राहुल अपने दोस्तों लालू कश्यप और सचिन सागर के साथ भीमा से रुपये मांगने पहुंचा। आरोप है कि उधार के रुपये मांगने पर भीमा ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर भीमा, उसके साथी आकाश ठाकुर, लक्की लभेड़ा और चार अन्य युवकों ने राहुल के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिवार का आरोप है कि घटना के बाद वे रामगंगा नगर पुलिस चौकी पहुंचे, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद राहुल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 21 जनवरी को उसकी मौत हो गई।

मृतक के परिजनों का यह भी आरोप है कि पुलिस ने तहरीर बदलवाने और समझौते का दबाव बनाया तथा आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इससे आक्रोशित परिजन और भीम आर्मी आज़ाद पार्टी लीगल सेल के कार्यकर्ताओं ने पोस्टमार्टम हाउस के सामने सड़क जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले में कार्रवाई की बात कह रही है, जबकि परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।

Share News