मीरगंज में पुलिस का डिजिटल कदम, कोतवाली में शुरू हुआ अत्याधुनिक ई-मालखाना

77 Views

बरेली जनपद के मीरगंज थाना कोतवाली में पुलिस ने डिजिटल व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अत्याधुनिक ई-मालखाना की शुरुआत की है। इसका उद्घाटन एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने किया। इस नई व्यवस्था के तहत अब जब्त की गई संपत्तियों का प्रबंधन पूरी तरह डिजिटल माध्यम से किया जाएगा।

ई-मालखाने में रखी जाने वाली प्रत्येक केस प्रॉपर्टी पर QR कोड लगाया गया है। QR कोड स्कैन करते ही संबंधित संपत्ति की पूरी जानकारी—किस केस से जुड़ी है, कब जब्त हुई, किस अधिकारी के अधीन है—एक क्लिक में उपलब्ध होगी। इससे केस प्रॉपर्टी की निगरानी पहले से कहीं अधिक पारदर्शी और सुरक्षित हो जाएगी।

इस डिजिटल प्रणाली से विवेचना अधिकारियों को त्वरित एक्सेस मिलेगा, जिससे जांच प्रक्रिया में तेजी आएगी। वहीं, ट्रायल के दौरान संपत्तियों को कोर्ट में प्रस्तुत करना भी पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान होगा। उद्घाटन के दौरान एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने ई-मालखाना प्रणाली का लाइव डेमो देकर इसके लाभों को समझाया।

उन्होंने बताया कि पुरानी व्यवस्था में रिकॉर्ड ढूंढने और संपत्तियों के सत्यापन में काफी समय बर्बाद होता था, लेकिन ई-मालखाना लागू होने से यह समस्या अब समाप्त हो जाएगी। यह पहल जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि इस व्यवस्था को जल्द ही अन्य थानों में भी लागू किया जाएगा और जिले में चरणबद्ध तरीके से ई-मालखानों की शुरुआत की जाएगी।

उद्घाटन कार्यक्रम में सीओ अजय कुमार, इंस्पेक्टर संजय तोमर, चौकी प्रभारी पंकज कुमार गौतम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Share News