दबंगों ने दलित युवक को गंजा कर किया अमानवीय अपमान वीडियो वायरल , दो आरोपी गिरफ्तार

57 Views

बरेली। नवाबगंज थाना क्षेत्र से दलित उत्पीड़न का एक गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है। गांव गेला टांडा में दबंगों द्वारा एक दलित युवक को गंजा कर, मूंछें व भौंहें काटकर और चेहरे पर कीचड़ व काली स्याही पोतकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। इस अमानवीय घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है।

पीड़ित की पहचान पप्पू दिवाकर निवासी गुरसौली थाना बहेड़ी के रूप में हुई है, जो पिछले तीन माह से गेला टांडा गांव में रह रहा था। पीड़ित के अनुसार लगभग एक माह पूर्व गांव के ही चंद्रसेन सहित तीन नामजद और चार-पांच अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट की, जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने उसका सिर मुंडवाकर गंजा कर दिया, उस्तरे से मूंछें व भौंहें साफ कर दीं और चेहरे पर कीचड़ व काली स्याही पोत दी।

पीड़ित ने बताया कि आरोपी चंद्रसेन ने उससे ट्रैक्टर खरीदने के नाम पर साढ़े चार लाख रुपये लिए थे। जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो इसी रंजिश में उसके साथ यह अमानवीय कृत्य किया गया। पीड़ित का यह भी कहना है कि घटना के बाद से वह मानसिक रूप से आहत है।

घटना का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया। कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी चंद्रसेन और गोधन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Share News