बरेली, साहू समाज की एकजुटता से घबराई भाजपा, प्रशासन के दम पर रुकवाया सम्मेलन — सपा

106 Views

बरेली के नगर पंचायत रिठौरा में आयोजित होने वाला साहू सम्मेलन सत्ता की साजिश की भेंट चढ़ गया। सम्मेलन में सीतापुर से सांसद राकेश राठौर को मुख्य अतिथि और समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव कमल साहू को मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होना था, लेकिन ऐन वक्त पर प्रशासन ने कार्यक्रम नहीं होने दिया।

सपा नेता कमल साहू ने सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि साहू समाज की ऐतिहासिक एकजुटता को देखकर भाजपा बुरी तरह डर गई। इसी डर के चलते सत्ता के इशारे पर प्रशासन और पुलिस का इस्तेमाल कर लोकतांत्रिक तरीके से होने वाले सम्मेलन को कुचल दिया गया।

कमल साहू ने कहा कि भाजपा शुरू से ही पिछड़े वर्गों की विरोधी रही है और विशेष रूप से साहू–राठौर समाज को लगातार अपमानित करने का काम करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब-जब पिछड़ा समाज अपने हक और सम्मान की बात करता है, तब-तब भाजपा सरकार दमन का रास्ता अपनाती है।

सम्मेलन रद्द किए जाने से साहू समाज में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं रोका गया, बल्कि साहू समाज की आवाज दबाने की कोशिश की गई है।

इसके बाद राजा राम साहू के आवास पर साहू समाज के बुद्धिजीवी वर्ग की आपात बैठक हुई, जिसमें भाजपा सरकार की नीतियों की तीखी आलोचना की गई। बैठक में सर्वसम्मति से यह संकल्प लिया गया कि वर्ष 2027 में भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से उखाड़ फेंककर पिछड़ों की सरकार बनाई जाएगी।

बैठक में डॉ. पी.पी. माथुर, आनंद साहू, राम बहादुर साहू, नरेंद्र राठौर सहित समाज के कई वरिष्ठ और जागरूक लोग उपस्थित रहे।

Share News