बरेली पुलिस ने फिरौती के लिए अपहृत 15 वर्षीय बालिका को सकुशल बरामद कर तीन अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

96 Views

बरेली ,थाना नवाबगंज, जनपद बरेली पुलिस ने फिरौती के उद्देश्य से 15 वर्षीय बालिका के अपहरण के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

मुख्य अभियुक्त अर्जुन ने पूछताछ में बताया कि उसकी पीड़िता से करीब छह माह पूर्व इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी। वह दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित मन्नत होटल में हाउसकीपिंग का कार्य करता है। ऑनलाइन गेम में 50–60 हजार रुपये हारने तथा लालच के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण की योजना बनाई।

अभियुक्तों ने बालिका को बहला-फुसलाकर पहले बरेली बुलाया, उसके बाद उसे दिल्ली ले जाकर एक स्थान पर रखा। बालिका के व्हाट्सएप अकाउंट से उसके परिजनों को फिरौती संबंधी संदेश भेजे गए। परिजनों को डराने के उद्देश्य से बालिका की जबरन वॉइस रिकॉर्डिंग भी कराई गई।

अभियुक्त फिरौती की रकम लेकर बालिका को छोड़ने की योजना के तहत बरेली आया था, जहां पुलिस ने उसे सैटेलाइट बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

Share News