इंश्योरेंस के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले चार साइबर अपराधी गिरफ्तार बरेली।

73 Views

बरेली , भुता पुलिस ने इंश्योरेंस के नाम पर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद नवी, फरमान, मोहम्मद अकरम और आरिफ के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से लोगों से संपर्क कर खुद को नामी बीमा कंपनियों का एजेंट बताते थे। वे बीमा पॉलिसी में बोनस, रिफंड या अतिरिक्त लाभ का लालच देकर पीड़ितों से ऑनलाइन भुगतान करवाते थे और फिर रकम हड़प लेते थे।

जांच में सामने आया है कि ठगी से प्राप्त धनराशि को आरोपियों द्वारा फर्जी तरीके से खुलवाए गए अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाता था। इसके बाद अपनी फर्जी कंपनी के नाम से बिल और दस्तावेज तैयार कर पैसों का हेरफेर किया जाता था, ताकि रकम को वैध दिखाया जा सके।

पुलिस ने बताया कि अब तक की जांच में करीब 1 करोड़ 88 लाख रुपये की ठगी का पता चला है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 10 लाख रुपये की राशि वाले एक बैंक खाते को फ्रीज कर दिया है। अन्य खातों और लेन-देन की भी गहन जांच की जा रही है।

इस मामले में थाना भुता में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है और ठगी की रकम बढ़ सकती है।

 

 

 

 

Share News