बरेली: भुता क्षेत्र में हिंदू जागरण मंच (युवा) के पदाधिकारी से मारपीट, वीडियो वायरल

77 Views

बरेली जिले के भुता थाना क्षेत्र में हिंदू जागरण मंच (युवा) के पदाधिकारी आशीष पटेल पुत्र रोहतास केसरपुर निवासी के साथ मारपीट, लूट और अपहरण का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि आशु कटियार सिसैया निवासी ने दबंग युवकों के साथ तमंचे के बल पर युवक का अपहरण कर उसे सुनसान स्थान पर बेरहमी से पीटा, उसके कपड़े उतरवाए, नकदी छीनी और मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

भुता थाना क्षेत्र के ग्राम केसरपुर निवासी रोहिताश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा आशीष पटेल हिंदू जागरण मंच (युवा) का ब्लॉक संयोजक है। 3 जनवरी को वह गो-तस्करी की सूचना मिलने पर जिला कारागार की ओर गया था। लौटते समय वह पेट्रोल भरवाने के लिए केसरपुर-सिंघाई रोड से गुजर रहा था, तभी बंद पड़े पेट्रोल पंप के पास पहले से घात लगाए बैठे युवकों ने उसे रोक लिया।

आरोप है कि अंशु कटियार, वासु पटेल, हिमांशु, रूपेश पटेल, हिमांशें और श्रीसंत समेत अन्य युवकों ने आशीष की बाइक की चाबी निकाल ली और तमंचा कनपटी पर रखकर उसे सड़क से करीब 100 मीटर अंदर सुनसान स्थान पर ले गए। वहां उसे बंधक बनाकर लात-घूंसों से पीटा गया। चाकू की नोक पर उसकी जेब से करीब दो हजार रुपये भी निकाल लिए गए।

पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने मारपीट का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया। वीडियो के साथ आशीष और उसके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं और दोबारा जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद से आशीष मानसिक तनाव में है और परिवार दहशत के माहौल में जी रहा है।

भुता पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share News