बरेली में झांकी करने वाली युवती से दुष्कर्म की कोशिश, SP सिटी से लगाई गुहार

102 Views

बरेली। शहर में जागरण कार्यक्रम के दौरान झांकी का काम करने वाली एक युवती ने अपने साथ काम करने वाले दो युवकों पर दुष्कर्म का प्रयास और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि थाने में शिकायत देने के बाद भी पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद उन्होंने एसपी सिटी मानुष पारीक से मुलाकात कर न्याय की मांग की।

पीड़िता के अनुसार, वह जागरण पार्टियों में झांकी का कार्य करती है। घटना वाली रात उसके साथ काम करने वाले दो युवक—विशाल और अवधेश—उसे काम के बहाने बुलाकर ले गए। रास्ते में दोनों ने उसे नशीला पदार्थ देने की कोशिश की, लेकिन जब युवती ने इनकार किया तो युवक उसे सीबीगंज स्थित बादशाह नगर के एक बंद पड़े मकान में ले गए, जहां दोनों ने कथित तौर पर उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया और विरोध करने पर पीटा।

पीड़िता का कहना है कि उसने किसी तरह युवकों से बचकर अपने घरवालों को मोबाइल से लोकेशन भेजी। परिजन पुलिस के साथ लोकेशन पर पहुंचे तो युवती को खेत में घायल अवस्था में पाया। आरोप है कि पुलिस ने युवकों को पकड़ तो लिया, लेकिन कोई सख्त कार्रवाई नहीं की।

घटना से आक्रोशित पीड़िता और परिजन समाज के लोगों के साथ एसपी सिटी के पास पहुंचे और आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की।

एसपी सिटी मानुष पारीक ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि जांच में दोषी पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Share News