पीआरवी चालक ने दिखाई बहादुरी, नाले में कूदकर बचाई दो युवकों की जान
हसनगंज उन्नाव। थाना हसनगंज क्षेत्र के नवई-लालपुर मार्ग पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे में पुलिस चालक ने अपनी जान की परवाह किए बिना दो युवकों की जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, थाना हसनगंज की पीआरवी-6107 के चालक कंपनी हवलदार मनोज कुमार पाल ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक बाइक सवार युवक करीब 20 फीट गहरे नाले में डूब रहा है, जबकि उसका साथी सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा है और मौके पर भीड़ एकत्र है।
स्थिति की गंभीरता देखते हुए हवलदार मनोज कुमार पाल ने बिना देर किए वर्दी में ही नाले में छलांग लगाई और डूब रहे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से दूसरे युवक और बाइक को भी बाहर निकाला गया। दोनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी हसनगंज भेजा गया।
बचाए गए युवकों की पहचान विवेक (22 वर्ष) पुत्र प्यारेलाल निवासी मटियारी, लखनऊ तथा पप्पू पुत्र छंगा निवासी कांथा थाना असोहा, उन्नाव के रूप में हुई है। दोनों युवक मोहान से कांथा जा रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई। चिकित्सकों ने दोनों की स्थिति सुरक्षित बताई है।
पुलिस अधीक्षक उन्नाव ने कंपनी हवलदार मनोज कुमार पाल के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उनके उत्साहवर्धन के लिए नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की है।

More Stories
हाफिजगंज पुलिस ने दो युवकों को अवैध तमंचा व कारतूस सहित किया गिरफ्तार
बरेली: तीन बदमाश जिला बदर, 24 घंटे में छोड़ना होगा जिला
भोजीपुरा पुलिस ने शकील को छह माह के लिए जिला बदर