रक्षाबंधन पर महिला मोर्चा ने वीर जवानों को बांधी राखी, दी शुभकामनाएं

516 Views

बरेली। राष्ट्र जागरण युवा संगठन की महिला मोर्चा ने रक्षाबंधन और सावन के पावन पर्व को एक अलग और अनूठे अंदाज़ में मनाया। संगठन की महिलाओं ने देश की रक्षा और जनता की सेवा के लिए चौबीसों घंटे ड्यूटी पर तैनात वीर जवानों को राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया।

 

इस अवसर पर संगठन की जिला अध्यक्ष प्रियंका कपूर ने थाना बरादरी प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पांडे और उनकी टीम को राखी बांधते हुए कहा कि जवानों की निस्वार्थ सेवा और समर्पण ही हमारे देश की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व सिर्फ रिश्तों को नहीं, बल्कि देशभक्ति और सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। प्रियंका कपूर ने जवानों को सावन और रक्षाबंधन के त्योहार की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

 

कार्यक्रम में जिला संयोजक अनीता गुप्ता, जिला अध्यक्ष मोना श्रीवास्तव, सेजल सहित अनेक महिलाएं शामिल हुईं। सभी ने पुलिस कर्मियों के साथ भाई-बहन का यह पवित्र रिश्ता निभाते हुए मिठाई खिलाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

इस मौके पर थाना परिसर में उत्साह और भावनाओं का विशेष माहौल रहा। जवानों ने भी महिलाओं का आभार जताते हुए भरोसा दिलाया कि वे हमेशा जनता की सुरक्षा और देश की सेवा में तत्पर रहेंगे। यह पहल न केवल रक्षाबंधन के पर्व को खास बनाती है, बल्कि समाज में सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान और विश्वास को भी गहरा करती है।

 

Share News